
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू और पत्थर किया जब्त, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

राजनांदगांव। लखोली क्षेत्र में युवक पर चाकू और पत्थर से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और पत्थर भी जब्त किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर को आहत युवक अपने साले की पत्नी की डिलीवरी होने के बाद पेंड्री अस्पताल से लखोली स्थित ससुराल जा रहा था।
शाम करीब 4:30 बजे लखोली बैगापारा मेन रोड पर पीयुष बाघमारे, दीपक वैष्णव, अजय वर्मा और करण साहू ने उसके साले को रास्ते में रोक लिया।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। घायल को उपचार के लिए तुलसी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की रिपोर्ट 11 सितंबर को दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 533/26 के तहत धारा 109(1), 296, 351(3), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए टीम रवाना की गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर पीयुष बाघमारे (24), निवासी राहुल नगर लखोली और दीपक वैष्णव (20), निवासी राजीव नगर लखोली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और पत्थर जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले के दो अन्य आरोपी अजय वर्मा और करण साहू घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दीपक वैष्णव के खिलाफ वर्ष 2023 में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज था, जबकि पीयुष बाघमारे के खिलाफ वर्ष 2025 में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।











































