
खैरागढ़। आज डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल जी के नेतृत्व में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर हजारों की संख्या में ग्रामीणों एवं किसानजनों ने जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिलाएं, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी-अपनी स्थानीय समस्याओं और मांगों को लेकर खैरागढ़ पहुंचे।

कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की और शासन-प्रशासन से उनके शीघ्र एवं स्थायी निराकरण की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से अनेक जनसमस्याएं लंबित हैं, जिनके कारण आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों ने अपनी मूलभूत आवश्यकताओं, स्थानीय विकास, प्रशासनिक समस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल जी के नेतृत्व में प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। जिसमें प्रमुख मांगों में खपरी सिरदार से ढारा मार्ग का निर्माण, प्रधानपाठ बैराज के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत, मूढ़ीपार में नवीन महाविद्यालय के संचालन के संबंध में , ठेलकाडीह में संत गुरु घासीदास बाबा नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण, पुल-पुलिया निर्माण, पर्याप्त खाद की उपलब्धता, शक्कर के दामों में बढ़ोतरी पर रोक, अघोषित बिजली कटौती बंद करना, खपत से अधिक बिजली बिलों की समस्या का निराकरण तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की मांग शामिल रही।

विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल जी ने ग्रामीणों एवं किसानजनों के साथ मजबूती से खड़े होकर उनकी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि उनके समाधान के लिए शासन-प्रशासन को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने जनहित से जुड़े सभी विषयों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा ग्रामीणों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में रहने वाले ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं। क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन कर रही हैं।
जनता के अधिकारों की रक्षा, किसानों की समस्याओं का समाधान, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए वे लगातार संघर्ष करती रहेंगी। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन, रोजगार, राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों से संबंधित अनेक समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य करना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत मांगों और शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए प्रत्येक विषय पर ठोस कार्रवाई की जाए तथा ग्रामीणों को उनके आवेदनों और मांगों की प्रगति से अवगत कराया जाए।
विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल जी ने उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक जायज मांग और समस्या को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक जनता को न्याय नहीं मिलेगा और समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं को संगठित होकर सामने रखें और लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ें।
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान श्री नवाज खान, पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक राजनांदगांव, श्री कोमल साहू, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी, श्री तेजराम वर्मा, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मूढ़ीपार, श्री उत्तम सिंह ठाकुर वरिष्ठ कांग्रेसी, दाऊ भुपेंद्र सिंह ठाकुर, श्री रजभान लोधी , कमलेश्वर वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं किसानजन उपस्थित रहे।











































