back to top

राजनांदगांव में अब यातायात नियम तोड़ने पर ई-चालान से होगी कार्रवाई…

राजनांदगांव, 30 सितंबर 2026। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई 30 सितंबर से जिले में प्रारंभ की गई है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री कृष्णकांत वाजपेई के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर नियमानुसार ई-चालान जारी किया जाएगा।

बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, यातायात सिग्नल का उल्लंघन करने, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने सहित अन्य यातायात नियमों को तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।

पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। वाहन चालकों से जिम्मेदारीपूर्वक यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

Advertisements

You cannot copy content of this page