
मोहला। जिला मुख्यालय मोहला स्थित जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम की अध्यक्षता में व्यापारी संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर व्यापारियों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित आगामी कार्यकमों की जानकारी प्रदान की गई एवं इस अभियान में सभी व्यापारियों से सहभागिता की अपील की गई।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने व्यापारियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता एवं इससे मिलने वाले लाभ के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
बैठक के दौरान जिला मुख्यालय मोहला के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सड़क निर्माण, खेल मैदान के विकास, आवारा एवं घूमंतू पशुओं के लिए गौशाला निर्माण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने जिला मुख्यालय के समग्र विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। व्यापारी संघ के सदस्यों ने भी नगर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों और आवश्यकताओं को बैठक में रखा। अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच विकास कार्यों को लेकर आपसी समन्वय और सहयोग पर चर्चा हुई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री उज्ज्वल पोरवाल, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, अपर कलेक्टर श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मोहला श्री अमित नाथ योगी सहित जिला मुख्यालय के व्यापारी संघ के सदस्यगण उपस्थित रहे।










































