back to top

सियान मितान सप्ताह में 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को मिला प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ…

मोहला। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित ‘सियान मितान सप्ताह-2026’ के तहत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं कल्याण के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ मिला।


धमतरी स्थित श्री गायत्री आरोग्यम (आयुष) पॉली क्लिनिक के मुख्य चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार नाग एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर माइग्रेन, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कमर एवं घुटनों के दर्द सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आयुर्वेद, पंचकर्म एवं अन्य प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार प्रदान किया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया।


शिविर का अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे ने निरीक्षण किया गया। उन्होंने चिकित्सकों से प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी ली तथा शिविर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। वरिष्ठजनों एवं उनके सहयोगियों के लिए चाय-नाश्ता एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई।


सियान मितान सप्ताह के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा एवं बेहतर जीवन के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने नागरिकों से इस सेवा अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page