back to top

सेवा संकल्प अभियान…

मोहला। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘विद्या दान–शिक्षा सहयोग’ कार्यक्रम के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मानपुर द्वारा सामाजिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत पुत्तरगोदी कला, ब्लॉक मोहला में संचालित राजमिस्त्री प्रशिक्षण के 23वें दिवस पर प्रशिक्षणार्थियों ने शिक्षा दान के साथ श्रमदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निर्देशानुसार प्रशिक्षक झामेश्वर कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण में शामिल 30 प्रतिभागी प्राथमिक विद्यालय पुत्तरगोदी कला पहुँचे। यहां प्रशिक्षणार्थियों ने विद्यार्थियों की कक्षा लेकर उन्हें अध्ययन कराया। बच्चों को रोचक कहानियों एवं सरल तरीके से विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों में सीखने के प्रति उत्साह देखने को मिला।


इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों ने विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में कार्यरत राजमिस्त्रियों के साथ श्रमदान करते हुए सहयोग किया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए राजमिस्त्री कौशल को व्यावहारिक रूप से समझने और उसका उपयोग करने का अवसर भी मिला।


कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार ने प्रशिक्षणार्थियों के सेवा भाव की सराहना की। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों को सामाजिक सेवा, शिक्षा सहयोग और सामुदायिक सहभागिता के लिए भी निरंतर प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों ने ‘कौशल के साथ सेवा’ का संदेश देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

Advertisements

You cannot copy content of this page