
डोंगरगढ़ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पार्किंग स्थलों पर CCTV और प्रकाश व्यवस्था; 30 राजपत्रित अधिकारी व 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी संभालेंगे कमान
राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में नवरात्रि मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
नवरात्रि मेले में 30 राजपत्रित अधिकारी, 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी तथा 1100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहेंगे। पुलिस बल मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, दर्शन मार्ग, रेलवे स्टेशन और प्रमुख आवागमन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। भीड़ को नियंत्रित करने, अपराधों पर अंकुश लगाने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय रहेंगी।
प्रत्येक पार्किंग स्थल पर CCTV कैमरे
श्रद्धालुओं की सुविधा और वाहनों की सुरक्षा के लिए डोंगरगढ़ के प्रत्येक पार्किंग स्थल पर CCTV कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
नवरात्रि के दौरान अंजोरा बायपास से डोंगरगढ़, तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ तथा चिचोला-बिराटलाब-खैरागढ़ मार्ग पर विशेष यातायात प्रबंधन किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार वाहनों का डायवर्जन और आवाजाही का नियमन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
पदयात्रियों को बांटे जाएंगे 20 हजार रेडियम स्टिकर
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात में पैदल यात्रा कर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा 20 हजार रेडियम स्टिकर वितरित किए जाएंगे। इससे रात के समय पदयात्रियों की दृश्यता बढ़ेगी और वाहन चालकों को सड़क पर चल रहे श्रद्धालुओं को पहचानने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने पदयात्रियों से सड़क के किनारे सुरक्षित चलने, समूह में अनुशासित तरीके से यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
कंट्रोल रूम से मिलेगी सहायता
मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर श्रद्धालु राजनांदगांव पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा डोंगरगढ़ के शिरपानी डोम, ऊपर मंदिर और नीचे मंदिर परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में भी पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से कीमती सामान और बड़ी नकदी साथ लाने से बचने, बच्चों को अपने साथ रखने तथा परिवार से बिछड़ने की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी से संपर्क करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना भी तुरंत पुलिस को देने कहा गया है।
मां बम्लेश्वरी मंदिर के अलावा मां शीतला मंदिर, मां पायल भैरवी मंदिर और मां करेला भवानी मंदिर में भी आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा। राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, सुगम दर्शन सुनिश्चित करने और नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है।











































