back to top

राजनांदगाव : तीन माह से लापता युवक का गणेश टेकरी पहाड़ी पर मिला नरकंकाल, कपड़ों से हुई पहचान…

राजनांदगांव। लगभग 3 माह पूर्व अपने घर से कहीं चले गये एक गुमशुदा युवक का आज नरकंकाल पुलिस के हाथ लगा। अं. चौकी के वार्ड क्रमांक 4 स्थित गणेश टेकरी पहाड़ी पर कोई जाता नहीं है।

आज अचानक एक चरवाहा पहाड़ी पर लकड़ी इकट्ठा करने गया था, उसने पहाड़ी पर नरकंकाल देखा। पास ही एक पेड़ पर फांसी का फंदा और टी शर्ट पैंट तथा चप्पल पड़ी हुई थी।


मौके पर पहुंची पुलिस ने मिले नरकंकाल के बाद उसकी पहचान करा ली है।अं. चौकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 4 स्थित गणेश टेकरी की पहाड़ी पर नरकंकाल होने की जानकारी के बाद उससे सटी कॉलोनियों में दहशत का माहौल बन गया। हमारे अं. चौकी संवाददाता संजय लाटा ने जानकारी उपलब्ध कराते हुए बताया कि जिस पहाड़ी पर नरकंकाल पाया गया है, वहां लोगों का आना जाना नहीं होता है।

आज एक चरवाहा मवेशी चराने के दौरान लकड़ी इकठ्ठा करने पहाड़ी पर गया था। उसने नरकंकाल के साथ पेड़ पर लड़के भगवा रंग के कमछे से बने फांसी के फंदे को देखा। नरकंकाल के समीप ही मृतक की टी शर्ट, पैंट और चप्पल भी पड़ी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किये।


थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर ने बताया कि जुलाई 19 को वार्ड क्रमांक 15 निवासी कुशलाल तारम पिता कंवल सिंह तारम (23) घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने 23 जुलाई को गुमशुगी दर्ज करायी थी। पुलिस ने विवेचना में उसे ढूंढने का प्रयास करते हुए मोबाइल आदि पर रिंग किया, किंतु उसका सीडीआर बंद दिखा रहा था।

परिजनों ने बताया कि मृतक कुशलाल तारम कुछ हल्का-फुल्का काम करता था, किंतु घर पर पैसे नहीं देता था। संभवतः इसी बात पर विवाद के बाद वह घर से चला गयाथा। परिजनों ने सोचा कि वह नागपुर कमाने खाने के चक्कर में चला गया होगा। उन्होंने भी उसका पता तलाश करना बंद कर दिया। आज नरकंकाल मिलने के बाद उसके कपड़ों और चप्पल से उसकी पहचान की गयी।

Advertisements

You cannot copy content of this page