back to top

राजनांदगांव बजरंगपुर शीतला माता मंदिर के तालाब में डूबने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में पसरा मातम…

दादा के साथ मंदिर गया था बालक, नजरों से ओझल होने के बाद तालाब में मिला; पार्षद राजा तिवारी ने की मुआवजे की मांग

राजनांदगांव। शहर के बजरंगपुर वार्ड क्रमांक-1 में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृत बालक की पहचान विवेक ठाकुर, पिता खिलावन ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंगपुर वार्ड क्रमांक-1 निवासी विवेक ठाकुर अपने दादा के साथ शीतला माता मंदिर गया था। इसी दौरान बालक अपने दादा की नजरों से ओझल हो गया और मंदिर परिसर स्थित तालाब के किनारे पहुंच गया। कुछ देर बाद बालक के दिखाई नहीं देने पर आसपास तलाश की गई। खोजबीन के दौरान बालक तालाब में डूबा हुआ मिला।

आनन-फानन में बालक को तालाब से बाहर निकालकर राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में शोक व्याप्त हो गया।

पार्षद ने जताया शोक, मुआवजे की मांग

इस हृदयविदारक घटना पर वार्ड के पार्षद राजा तिवारी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए शासन-प्रशासन से परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।

बताया गया है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बालक का शव परिजनों को सौंपा जाएगा। तीन साल के मासूम की असमय मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है।

Advertisements

You cannot copy content of this page