back to top

राजनांदगाव : माँ पाताल भैरवी मंदिर में आस्था का महाकुंभ देश-विदेश से प्रज्ज्वलित हुईं मनोकामना ज्योत, ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर…

माँ पाताल भैरवी मंदिर में आस्था और मनोकामना के ज्योत प्रज्ज्वलित, दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

राजनांदगांव। धर्मनगरी राजनांदगांव स्थित माँ पाताल भैरवी मंदिर में क्वांर शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित कर माता रानी से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की जा रही है।
नवरात्र के पावन अवसर पर माँ पाताल भैरवी के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। मंदिर परिसर में सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। चहुँओर “जय माता दी” के जयकारे गूंज रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।


माँ के प्रति श्रद्धा और विश्वास का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं ने भी अपनी आस्था प्रकट करते हुए मंदिर में मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित कराई हैं। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए माता रानी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
शारदीय नवरात्र के दौरान माँ पाताल भैरवी मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ धार्मिक आस्था, परंपरा और माँ के प्रति अटूट विश्वास को प्रदर्शित कर रही है। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और जयकारों से गुंजायमान है।

Advertisements

You cannot copy content of this page