
भोजन से लेकर चिकित्सा सुविधा तक, श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यापक व्यवस्था
राजनांदगांव। मां बमलेश्वरी देवी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले पदयात्रियों की सेवा में बागेश्वर धाम संस्कार सेवा नवदुर्गा महोत्सव संयुक्त सेवा पंडाल के स्वयंसेवक चौबीस घंटे जुटे हुए हैं। यहां श्रद्धालुओं को भोजन, फलाहार, चिकित्सा सुविधा, विश्राम सहित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से लेकर देर रात तक पदयात्रियों की सेवा का सिलसिला निरंतर जारी है।
संयुक्त सेवा पंडाल में पदयात्रियों की सुविधा के लिए महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानागार, मोबाइल चार्जिंग तथा चिकित्सा सेवा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भोजन और विश्राम के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि लंबी दूरी तय कर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
आयोजन समिति के अध्यक्ष भावेश अग्रवाल, महिला अध्यक्ष मधु खंडेलवाल तथा पंकज गुप्ता, आरती गुप्ता एवं प्रीति गुप्ता सहित सेवा कार्य में जुटे सदस्यों के प्रयासों से पदयात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बिलासपुर से पहुंचे पदयात्रियों ने सेवा पंडाल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सेवा और आत्मीय स्वागत हर जगह देखने को नहीं मिलता।
शाकंभरी माता पाठ का हुआ आयोजन
नवरात्र पंचमी के अवसर पर मां बमलेश्वरी देवी दरबार को पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया। इस अवसर पर शाकंभरी माता मंगल पाठ का आयोजन किया गया। संयुक्त सेवा पंडाल की स्वागत प्रमुख प्रतिभा खंडेलवाल, आरती गुप्ता एवं प्रीति गुप्ता ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं में भक्ति और सेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पदयात्रियों की सेवा के साथ-साथ पंडाल में प्रतिदिन मंगल पाठ एवं मां जीण भवानी मंगल पाठ का आयोजन जय माता महिला मंडल द्वारा किया जा रहा है। इन धार्मिक आयोजनों में सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता रहती है। भजन-कीर्तन और संकीर्तन से पंडाल का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
सेवा और समर्पण की भावना के साथ संचालित यह संयुक्त सेवा पंडाल नवरात्र के दौरान पदयात्रियों के लिए राहत का केंद्र बना हुआ है।











































