back to top

राजनांदगांव: पीटीएस में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण…

आगजनी, सड़क दुर्घटना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय व सुरक्षित बचाव के बताए तरीके

राजनांदगांव, 17 अक्टूबर। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीएस) राजनांदगांव में शनिवार को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष व्याख्यान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के प्रशिक्षणार्थियों को आपदा के दौरान त्वरित निर्णय लेने, सुरक्षित बचाव कार्य करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी ए.के. सिंह ने आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस और अग्निशमन विभाग की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आगजनी, सड़क दुर्घटना, प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं, भवनों में आग लगने की स्थिति, प्राथमिक बचाव एवं राहत कार्य, सुरक्षित निकासी और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया।

आपदा के समय समन्वय और सतर्कता जरूरी

जिला अग्निशमन अधिकारी सिंह ने बताया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग, घटनास्थल की सुरक्षा, लोगों की सुरक्षित निकासी और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय आवश्यक है। आपदा के दौरान पुलिस बल की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि घटनास्थल को सुरक्षित रखने, यातायात एवं भीड़ नियंत्रित करने और राहत-बचाव कार्यों में सहयोग करने की भी होती है।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों के प्राथमिक उपयोग, आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों तथा बचाव कार्य करते समय स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना और जनसुरक्षा के प्रति उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर फायर स्टेशन प्रभारी ईमाम बेग, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी फायरमैन पुमेश कुमार एवं तरुण कुमार साहू सहित पीटीएस के लगभग 48 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page