back to top

उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से विश्राम निर्मलकर ने बढ़ाया रजक समाज का गौरव, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया सम्मानित…

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला बिलासपुर द्वारा भाजपा कार्यालय में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वर्तमान बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर नगर निगम बिलासपुर के पूर्व महापौर किशोर राय सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में राष्ट्रीय रजक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं कन्नौजे रजक समाज सेवा समिति, बिलासपुर संभाग के संरक्षक विश्राम निर्मलकर को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

विश्राम निर्मलकर को मिले इस सम्मान से रजक समाज में हर्ष का माहौल है। समाज के सदस्यों ने इसे पूरे समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके सम्मानित होने से समाज के लोगों को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के कार्यों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

कन्नौजे रजक समाज सेवा समिति, बिलासपुर संभाग की ओर से विश्राम निर्मलकर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। समिति के सदस्यों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देते हुए समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

Advertisements

You cannot copy content of this page