
राजनांदगांव। शादी से वापस लौटते गौरीनगर एवं राजनांदगांव के समीप स्थित ग्राम बासुला निवासी मुस्लिम परिवार के लोग , शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में कार में सवार पांच लोगों में से दो युवतियों की कार के अंदर ही मौत हो गयी। इसी हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बावनकेरा चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर हुई । बताया जाता है कि संबलपुर से लौट रही कार तेज रफ्तार होने से अनियंत्रित होकर 16 चक्का ट्रक के पीछे घुस गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का लगभग पूरा हिस्सा कई टुकड़ों में बंट गया।
कार सवार अमीन खान पारिवारिक सदस्यों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के उपरांत वापस आ रहे थे। जानकारी ऐसी भी आ रही है कि खुद अमीन खान कार में नहीं थे। उनका बेटा अपनी बहन तसनिया खान (16) सहित पांच लोगों के साथ कार में सवार था। हादसे में तसनिया खान (16) तथा सना गाजी (24) की मौके पर ही मौत हो गयी। तीन अन्य भी गंभीर रूप से जख्मी हो गये। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमगांव पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के लिए रेफर कर दिया गया।










































