
मोहला। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में प्राप्त निर्देशों के परिपालन में जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आज जिला स्तरीय जनजाति गौरव ज्ञान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्वर्गीय लाल श्याम शाह महाविद्यालय, मोहला में किया गया, जिसमें जिले के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन दो श्रेणियों में किया गया। श्रेणी-01 में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा श्रेणी-02 में महाविद्यालयीन स्तर एवं पोस्ट मैट्रिक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके महत्वपूर्ण योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जनजातीय नायकों के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष की गाथाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनजातीय परंपराओं, संस्कृति और उपलब्धियों से नई पीढ़ी को जोड़ना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने और जनजातीय महापुरुषों के आदर्शों एवं विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय जनजाति गौरव ज्ञान प्रतियोगिता भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।










































