
नंदई के नए हाट बाजार में शिफ्ट होंगी दुकानें, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू हुई कार्रवाई
राजनांदगांव। शहर के गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को हटाने के लिए सोमवार, 23 नवंबर को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। राजगामी संपदा न्यास के निर्णय के तहत लंबे समय से संचालित मटन मार्केट को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम, एएसपी, सीएसपी, नगर निगम कमिश्नर, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब 100 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में बुलडोजर के माध्यम से दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, राजगामी संपदा न्यास के निर्णय के बाद गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को हटाने का फैसला लिया गया था। इसके लिए संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे।
प्रशासन की योजना के अनुसार, यहां संचालित मटन दुकानों को शहर के नंदई क्षेत्र में तैयार किए गए नए हाट बाजार में स्थानांतरित किया जाना है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दुकानदारों को नए बाजार में जगह उपलब्ध कराने की योजना है।
कार्रवाई को लेकर पहले से था विरोध
मटन मार्केट हटाने के फैसले को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से विरोध और समर्थन दोनों तरह के स्वर सामने आते रहे हैं। एक ओर दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी और कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कार्रवाई का विरोध किया, वहीं दूसरी ओर कुछ संगठनों ने गोल बाजार क्षेत्र से मटन मार्केट हटाने की मांग उठाई थी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब दुकानदारों के सामने नंदई के नए हाट बाजार में अपना कारोबार शुरू करने की चुनौती होगी। वहीं, गोल बाजार क्षेत्र से मटन मार्केट हटने के बाद इस इलाके में आगे क्या व्यवस्था की जाएगी, इस पर भी लोगों की नजर रहेगी।










































