back to top

राजनांदगांव : कार्तिक पूर्णिमा पर शिवनाथ नदी तट पर शिव-गंगा आरती एवं दीपदान का भव्य आयोजन…

राजनांदगांव। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिवनाथ नदी तट पर श्री बागेश्वर धाम मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट, श्री बाल रत्न सेवा मंच एवं मां गायत्री परिवार दिया मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पुण्य स्नान कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम के अंतर्गत शिवनाथ नदी तट पर भव्य शिव एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। नदी तट पर दीपों की जगमगाती रोशनी और भक्तिमय आरती से पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो उठा।

आयोजन में संस्कारधानी के बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने सामूहिक आरती में सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। धार्मिक आयोजन ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।