back to top

VISION TIMES: 50 साल के सबसे बड़े संकट से जूझ रही पोल्ट्री इंडस्ट्री, फीड महंगा होने से उत्पादन घटा; जमाखोरी पर लगाम लगाने की मांग…

राजनांदगांव। देश की पोल्ट्री इंडस्ट्री इस समय अपने पिछले 50 वर्षों के सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बहादुर अली ने वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पोल्ट्री फीड के दाम आसमान छू रहे हैं, जिसके कारण गांव-गांव में पोल्ट्री फार्म बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मक्का और सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद बाजार में इनकी कृत्रिम किल्लत पैदा की जा रही है, जिससे मुर्गी पालन से जुड़े किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी है।

बहादुर अली ने इस संकट के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया और एक स्थापित ट्रेडर लॉबी द्वारा देश में मक्का और सोयाबीन की कमी होने की भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं।

इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है कि हर किसी को लग रहा है कि वह मक्का और सोयाबीन का भंडारण कर करोड़पति बन जाएगा।

इसी के चलते गांव-गांव में गोदाम बनाकर बड़े पैमाने पर इनकी जमाखोरी शुरू हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी और कृषि आंकड़ों के अनुसार देश के हर राज्य में इन फसलों का भरपूर उत्पादन हुआ है और वास्तविकता में किसी तरह की कोई शॉर्टेज नहीं है, बल्कि स्टॉक कर कृत्रिम संकट खड़ा किया जा रहा है।

बढ़ती लागत और महंगाई का सीधा असर अब पोल्ट्री उत्पादन पर पड़ने लगा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष के अनुसार, फीड महंगा होने के कारण इंडस्ट्री ने अपना उत्पादन कम कर दिया है, जिसका सीधा असर आगामी 15 दिसंबर के बाद बाजार में देखने को मिलेगा और दाम बढ़ने से खपत में भी गिरावट आएगी।

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मक्के की बढ़ती कीमतों की मार केवल पोल्ट्री ही नहीं, बल्कि एथनॉल प्लांट्स पर भी पड़ रही है और कई एथनॉल इकाइयां बंद भी हो चुकी हैं, जो अब अपनी समस्या लेकर सरकार के पास पहुंच रही हैं।

हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह सोना 2 लाख के स्तर पर पहुंचने के बाद अब सवा लाख पर आ गया है, उसी तरह जनवरी तक मक्का और सोयाबीन के दामों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी।

इस गंभीर स्थिति से इंडस्ट्री और किसानों को उबारने के लिए बहादुर अली ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार सबसे पहले मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट लागू करे, ताकि जमाखोरी पर अंकुश लग सके।

इसके साथ ही उन्होंने मांग रखी कि जिस तरह एथनॉल उत्पादन के लिए सरकार द्वारा रियायत दी जाती है, उसी तर्ज पर सरकार के पास उपलब्ध 30 लाख टन कनकी सरकारी दर पर पोल्ट्री इंडस्ट्री को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका उद्देश्य किसानों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि जमाखोरी रोककर पोल्ट्री और डेयरी उद्योग से जुड़े लाखों ग्रामीण किसानों की आजीविका को बचाना है।