
राजनांदगांव। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ डोंगरगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गांजा तस्करी के एक मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त दूसरे आरोपी दिगंबर ठाकुर (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 50 ग्राम गांजा और एक ज्यूपिटर स्कूटी जब्त की है। जब्त गांजा एवं वाहन की कुल कीमत 1 लाख 2 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पालेेश्वर सेन नामक युवक स्कूटी में गांजा रखकर अवैध रूप से बिक्री एवं परिवहन कर रहा है। सूचना पर डोंगरगढ़ पुलिस ने मोचीपारा में राधेलाल मालाकार के घर के पास घेराबंदी कर आरोपी पालेेश्वर सेन को पकड़ा था। उसके कब्जे से 390 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 19,500 रुपये तथा स्कूटी क्रमांक CG 08 AT 2189, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये थी, जब्त की गई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 693/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में कार्रवाई कर 25 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले अन्य आरोपी दिगंबर ठाकुर, निवासी रामपुर, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव की तलाश शुरू की। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पालेेश्वर सेन को बिक्री के लिए गांजा देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के ज्यूपिटर स्कूटी क्रमांक CG 08 BJ 2938 की डिक्की से 1.050 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 52 हजार रुपये तथा स्कूटी, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त की। कुल जब्ती की कीमत 1 लाख 2 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी दिगंबर ठाकुर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक महेश मंडावी, आरक्षक अविलेश साहू, मिथलेश पटेल, इंद्रभान एवं रामखिलाव सिन्हा का सराहनीय योगदान रहा।
डोंगरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










































