
मोहला, 27 नवंबर 2026। आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सहजता और निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना सुशासन की महत्वपूर्ण पहल है। जब सरकारी व्यवस्था संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करती है, तो इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलता है। जिले के ग्राम नीचे कोहड़ा निवासी राज कुमार के लिए भी सेवा सेतु केंद्र की सुविधा ऐसी ही राहत लेकर आई है।
राज कुमार को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने तहसील अंबागढ़ चौकी परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के निराकरण में प्रशासनिक तत्परता का परिचय देते हुए मात्र 10 दिनों के भीतर उन्हें दोनों प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। कम समय में आवश्यक दस्तावेज मिलने से उन्होंने खुशी जाहिर की।
राज कुमार ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं तहसीलदार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कम समय में प्रमाण पत्र मिलना उनके लिए काफी सुविधाजनक रहा। उन्होंने शासन की इस व्यवस्था को आम नागरिकों के हित में एक सराहनीय पहल बताया।










































