back to top

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिलेभर में गूंजा जागरूकता का संदेश…

मोहला 27 नवंबर 2026। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के मार्गदर्शन एवं अपील पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ एवं ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत जिले के स्कूलों, कॉलेजों, विशेष ग्राम सभाओं और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।


कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाल विवाह रोकने की शपथ ली। इसी क्रम में विभागीय टीम एवं स्पर्श एनजीओ के संयुक्त समन्वय से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शेरपार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके अलावा जिले के अन्य विद्यालयों में भी विशेष जागरूकता शिविर लगाए गए। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों तथा बच्चों के मौलिक अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बाल विवाह रोकने तथा समाज को इस कुरीति से मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली।


अभियान के अंतर्गत भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का ऑनलाइन सीधा प्रसारण भी किया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई कार्यालय सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं विभागीय कर्मचारियों ने राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजागरूकता बढ़ाना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा सामूहिक प्रयासों से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को बाल विवाह मुक्त बनाना है।