राजनांदगांव 21 मई 2021। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने खैरागढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र के ग्राम सिवनी में आमनेर नदी पर नवनिर्मित स्टॉप डेम कम रपटा का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा स्टॉपडेम बनने से आसपास के गांव को पानी की सुविधा के साथ-साथ आवागमन की सुविधा मिलेगी। पेयजल के साथ स्थानीय ग्रामीणों के निस्तारी की समस्या भी दूर होगी और गांव का जल स्तर भी बढ़ेगा। गातापार जंगल क्षेत्र के निवासियों और किसानों को बैंक एवं बाजार सहित अन्य कामों के लिए पाड़ादाह से होकर मुढ़ीपार जाने के लिए 30 किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। स्टॉपडेम बनने से इसकी दूरी अब केवल 10 किलोमीटर रह जाएगी।
उन्होंने वहां उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत भी की। स्टॉपडेम के थोड़ी दूर पर स्थित गांव चमुरदा के निवासी ईश्वर साहू ने बताया कि स्टॉपडेम के बनने से बहुत खुश हैं। गर्मी में पानी सूख जाने से बहुत ही समस्या होती थी और जल स्तर भी कम हो जाता था। वहीं बारिश में आने-जाने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन स्टॉप डेम बनने से पानी की समस्या दूर हुई है। आसपास जल स्तर बढऩे से पेयजल की समस्या नहीं होगी। बारिश में भी आवागमन आसानी से किया जा सकेगा और इससे आसपास के गांव को लाभ मिलेगा।
जल आवर्धन एवं संरक्षण कार्य एलडब्ल्यूई योजनांतर्गत 99 लाख 96 हजार रूपए की लागत से आमनेर नदी पर स्टॉप डेम निर्माण किया गया है। इसकी लम्बाई 42 मीटर और ऊंचाई 1.5 मीटर है। इसमें 8 गेट लगे हुए हैं, जिससे लगभग 2500 घन मीटर पानी का स्टोरेज किया जा सकेगा। ग्राम सिवनी एवं ग्राम टिंगामाली के लगभग 56 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई किया जा सकेगा।
प्रधानपाठ बैराज के नीचे इस क्षेत्र में 550 मीटर जल भराव होगा। इससे जंगल क्षेत्र के जानवरों के लिए पेयजल के साथ स्थानीय ग्रामीण के निस्तारी की समस्या दूर होगी। इस अवसर पर एसडीएम खैरागढ़ श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन जीडी रामटेके, कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना क्रमांक 1 ज्ञानेन्द्र कश्यप, तहसीलदार खैरागढ़ प्रीतम साहू, एसडीओ एनके रामटेके, सब इंजीनियर जेके जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











































