
राजनांदगांव.दिग्विजय कॉलेज में एडमिशन को लेकर छात्र संगठनों के बीच उपजे विवाद के चलते महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया विवादों में आ गया है इससे विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ रहा है हालांकि शासन द्वारा कॉलेजों में प्रवेश की तिथि अब 26 अगस्त से बढ़ाकर 10 सितंबर तक कर दी गई है। इससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, लेकिन 22 अगस्त से कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर तृतीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों सहित प्रोफेसर भी हड़ताल पर जा रहे हैं, तो ऐसे में प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना है। दो सूत्रीय मांग को लेकर फेडरेशन के आह्वान पर अधिकारी-कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेंगे।

कॉलेज प्रबंधन की माने तो शासन द्वारा प्रवेश की तिथि अब 10 सितंबर कर दी गई है। इसके बाद सोमवार से मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। ताकि एडमिशन प्रक्रिया में किसी तरह की कोई समस्या या गतिरोध न हो।
बता दें कि दिग्विजय कॉलेज में अब एडमिशन प्रक्रिया को लेकर तीन बार विवाद हो चुका है। शनिवार को अभाविप द्वारा हंगामा करने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए प्राचार्य व प्रोफेसर कॉलेज में तालाबंदी कर सुरक्षा की मांग करने और अभाविप के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर ज्ञापन देने के लिए एसी ऑफिस पहुंचे थे।









































