back to top

राजनांदगांव : राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर हर दिन हर घर आयुर्वेद पखवाड़ा का आयोजन…


आयुर्वेद जीवन जीने की शैली
राजनांदगांव 19 अक्टूबर 2022। सातवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 18 अक्टूबर 2022 को चिखली स्थित स्कूल में हर दिन हर घर आयुर्वेद थीम पर पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासकीय आयुष पॉली क्लीनिक राजनांदगांव में की प्रभारी व आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सक्सेना ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या, ऋतुचर्या, सदवृत्त, अचार रसायन (अच्छे आचरण) को अपनाने प्रेरित किया।

Advertisements

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद का उद्देश्य स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा एवं रूग्ण व्यक्ति की चिकित्सा है। स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा एवं प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिये आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या (दिन के प्रारम्भ से शयन तक आहार, विहार, आचरण का नियम), ऋतुचर्या (छह ऋतुओं के अनुसार ऋतु परिवर्तन के साथ आहार-विहार में परिवर्तन) सद्वृृत्त (अच्छा आचरण) को अपनाना चाहिए। इससे हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होते हैं। शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य एक दूसरे का अनुवर्तन करते हैं। आयुर्वेद पूर्ण रूप से जीवन का विज्ञान है। जीवन जीने की शैली है। आयुर्वेद के चरक संहिता के चिकित्सा स्थान में वर्णित मेध्य रसायन के नित्य उपयोग से विद्यार्थियों के मानसिक विकास को बल मिलेगा और निरंतर मानसिक स्वास्थ्य को बनाये रखने में भी सहायक होता है।


आयुर्वेद दिवस के अवसर पर शासकीय आयुष पॉली क्लीनिक राजनांदगांव में आयुर्वेद औषधीय पौधों की पहचान, उपयोग के विषय में जनसामान्य को जानकारी दी गयी। छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज मनकी राजनांदगांव के सहयोग से औषधीय पौधों का वितरण किया गया। द्रव्यगुण विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा आयुर्वेद औषधीय पौधों के विषय में जानकारी प्रदान की गयी। रीडर काय चिकित्सा डॉ. मुकेश बिसेन द्वारा आयुर्वेद दिवस के विषय में जानकारी दी गयी। वरिष्ठ नागरिक श्री कमलेश्वर एवं विद्या कामड़े द्वारा उद्बोधन दिया गया। इस अवसर पर शासकीय आयुष पॉलीक्लीनिक के कर्मचारियों श्रीमती हेमलता बड़ा, कीर्ति वही हरि, अनुसुइया साहू, अनीता, फुलेश निर्मलकर, दामिनी चौहान, मनकी आयुर्वेद कॉलेज के विद्यार्थी एवं जनसामान्य उपस्थित थे।


आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सक्सेना ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार हर दिन हर घर आयुर्वेद विषय पर गुरूवार 20 अक्टूबर 2022 को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन व सियान जतन क्लीनिक के अन्तर्गत स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नि:शुल्क हीमोग्लोबिन ए ब्लड शुगर एवं नेत्र जांच की जायेगी। जिला स्तरीय नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन चिखली स्थित शासकीय आयुष पॉली क्लिनिक में  जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. रमाकांत शर्मा के निर्देशन में शनिवार 23 अक्टूबर 2022 को किया जाएगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page