VISION TIMES : परिवार ने लव मैरिज का विरोध किया तो छात्रा ने लगाई फांसी…

DEMO PHOTO

भिलाई । दुर्ग पद्मनाभपुर चौकी क्षेत्र में बीती देर शाम पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुलिस को मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें प्रेमी से शादी घरवालों को मंजूर नहीं होने और इसी वजह से खुदकुशी का जिक्र है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पद्मनाभपुर स्थित एक मकान के ऊपरी मंजिल में पेइंग गेस्ट के रूप में रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा खुशबू नेताम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पद्मनाभपुर चौकी पुलिस को इसकी सूचना बीती देर शाम लगभग सात बजे मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पीएम के लिए भेजा। मौका मुआयना करने पर पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है।

वहीं मृतका छात्रा का मोबाइल भी बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता बिजली विभाग में है। मूल रूप से दल्ली राजहरा में रहने वाली छात्रा यहां रहकर प्री एग्रीकल्चर टेस्ट की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने सुसाइड से पहले एक पत्र छोड़ा है जिसमें प्रेम प्रसंग की बात लिखी हुई है। मिले सुसाइड नोट के अनुसार छात्रा का एक लड़के से प्रेम प्रसंग है और दोनों ने, शादी भी कर ली लेकिन उनका यह रिश्ता परिजनों को मंजूर नहीं था । इस वजह से उसने आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कराएगी। वहीं घटना की सूचना के बाद परिजन भी दुर्ग पहुंच गए हैं। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।