राजनांदगांव : नागपंचमी के अवसर पर मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना…

राजनांदगांव । नागपंचमी के अवसर पर हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभक्ति का माहौल रहा। इस मौके पर जहां मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। वहीं अखाड़ों में विशेष पूजा-अर्चना कर शौर्य प्रदर्शन किया गया। नागपंचमी पर्व पर अंचल में श्रद्धाभक्ति का माहौल रहा। इस मौके पर ग्रामीण इलाकों में ग्रामीणों ने खेत-खलिहानों में जाकर विधि-विधान से पूजा- अर्चना कर फसल की सुरक्षा एवं मंगल कामना की। इसके साथ ही विविध कार्यक्रमों का भी सिलसिला जारी रहा।

इधर इस पर्व पर कई कांवडियों ने सुबह के समय कांवड यात्रा निकालकर शिव नदी से जल लाकर मंदिरों में अभिषेक किया। मंदिरों में सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की उपस्थिति रही। शहर के विभिन्न वार्ड एवं मोहल्लों में सपेरे अपने साथ नाग सांप लेकर भी पहुंचे। जिसका दर्शन कर लोगों ने पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की।

नागबेल बरई तम्बोली समाज केन्द्र क्र. 1 के तत्वावधान में नागपंचमी महोत्सव का आयोजन श्री सांई मंदिर भवन जनता कालोनी लखोली रोड में किया गया। सुबह 10 से 2 बजे तक भगवान नागदेव की पूजा-अर्चना पश्चात प्रसादी वितरण एवं भोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके अलावा दोपहर 3 बजे से सभी वर्ग के लिए खेल प्रतियोगिता एवं सम्मान कार्यक्रम रखा गया। जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति रही। वहीं चौरसिया समाज द्वारा महालक्ष्मी मंदिर भवन में विधि- विधान से पूजा-अर्चना सहित विविध कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाजे- गाजे के साथ समाज के लोगों ने भव्य शोभायात्रा भी निकाली।