
0 अतिथियों ने विजेताओं को किया पुरस्कृत, कई श्रेणियों में पुरस्कार का हुआ वितरण
राजनांदगांव। अंतर शालेय क्रिकेट स्पर्धा सबेरा कप का खिताब वाईडनर स्कूल ने अपने नाम किया है। डोंगरगढ़ इलेवन इस टूर्नामेंट की उपविजेता रही। शनिवार को स्टेट स्कूल मैदान में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में एक बार फिर बल्लेबाज विकल्प तिवारी की आतिशी बल्लेबाजी देखने को मिली। उन्होंने इस मैच में भी शतक जड़ते हुए 107 रन की पारी खेली। गौरतलब है कि, इस टूर्नामेंट में कुल 26 टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता 5 जनवरी से 2 अलग अलग मैदानों में खेली गई।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित सबेरा कप के फाइनल मुकाबला विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में खेला गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह व मधुसूदन यादव, डॉ. आदित्य पारख एवं अतिथि के रूप में पूर्व मंडल अध्यक्ष तरुण लहरवानी, भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे व कांग्रेस प्रवक्ता रुपेश दुबे मौजूद थे।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष सुशील कोठारी, सचिव योगेश बागड़ी, उपाध्यक्ष घनश्याम लाल व भरत काथरानी,
कोषाध्यक्ष डीके , वरिष्ठ सदस्य जीवन प्रकाश गौतम व अशोक डागा ने अतिथियों अभिषेक सिंह व मधुसूदन यादव, डॉ. आदित्य पारख का स्वागत किया। डीसीए अध्यक्ष सुशील कोठारी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि, यह आयोजन 19 वर्षों से निरंतर जारी है और भविष्य में और बड़ा रुप लेगा।
विशिष्ट अतिथि अभिषेक सिंह ने कहा कि इस स्पर्धा को पुरे प्रदेश में सराहा जाता है ।इस स्पर्धा के आयोजन के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी सदस्यों की मेहनत दिखाई देती है। वहीं मधुसूदन यादव ने अपने संबोधन में आयोजकों और खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाडि़यों से कहा कि, अपनी प्रतिभा साबित करने का इससे अच्छा मंच नहीं हो सकता। अतिथियों ने सभी खिलाडि़यों को शुभकामनाएं भी दी।
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ट टीम रही वाईडनर स्कूल को स्व शरद कोठारी जी की स्मृति में सबेरा संकेत परिवार की ओर से आकर्षक ट्रॉफी व 21 हजार रुपए का पुरुस्कार दिया गया। वहीं उपविजेता टीम डोंगरगढ़ इलेवन को स्व घेवरचंद जी पारख की स्मृति में आकर्षक ट्रॉफी व 11 हजार रुपए का पुरस्कार अतिथियों द्वारा दिया गया। विजेता-उपविजेता टीम के खिलाडि़यों को व्यक्तिगत पुरुस्कार भी वितरित किए गए। वाईडनर के विकल्प तिवारी को शानदार दोहरे प्रदर्शन के कारण प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने स्पर्धा में तीन मैचों में कुल 428 रन बनाया । वहीं अजय तिवारी की ओर से फाईनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच की ट्राफी और 501/- नगद पुरस्कार दिया गया।
इस दौरान डीसीए के किशोर जैन, ऋषभ बाफना, अजय तिवारी भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्कृष्ट कार्य हेतु मनोज तिवारी, सुजीत द्विवेदी, हिमांशु यादव को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने हेतु राम शास्त्री, नमन अग्रवाल, रेमन साहू, धोनी भाटिया, लोकेश वर्मा, लकी प्रजापति, श्लोक चचाने व सारांश सिन्हा ने भी कड़ी मेहनत की जिसके लिए उनकी प्रशंसा की गई। स्पर्धा के सेमीफाईनल और फाईनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से आए पीयूष साहू और कौशल वर्मा ने अंपायरिंग की। कार्यक्रम की समाप्ति पर डीसीए के पदाधिकारियों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किया । वहीं आभार प्रदर्शन सुधीर शेंडे ने किया।
0 एकतरफा मुकाबले में जीती वाईडनर
सबेरा कप का फाइनल मुकाबला शनिवार की सुबह स्टेट स्कूल मैदान में वाईडनर स्कूल बनाम डोंगरगढ़ इलेवन के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाईडनर ने 20 ओवर में 218 रनों का पहाड़ खड़ा कर पहले ही प्रतिद्वंद्वी टीम का मनोबल तोड़ दिया। 7 छक्के और 14 चौकें जड़कर विकल्प ने वाईडनर की ओर से 107 रनों की बड़ी पारी खेली।
219 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डोंगरगढ़ की टीम वाईडनर के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर संघर्ष नहीं कर सकी। पूरी टीम 90 रनों के स्कोर में ऑलआउट हो गई। एकतरफा मुकाबले में जीत हासिल कर वाईडनर ने ट्रॉफी पर कब्जा किया।
अलग अलग मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे खिलाडि़यों को भी पुरस्कृत किया गया। टूर्नामेंट के नॉकऑउट राउंड में लुकेश, देवकरण साहू, लिमेश साहू, गुलाम अशरफी, प्रभनूर सिंह जस्सर, अर्शवीर सिंह, शौर्य कोठारी, बालाजी राव, आदिल साहू, रुद्रांश तिवारी, नितेश यादव, शिवांश सहारे, आदित्य मिश्रा, वेद चौहान, शिवा, अनुकरण कोटारे, आर्यन व्यास को ये पुरस्कार मिला। वहीं क्वार्टर फाइनल में सुजल देवांगन, जपनीत कौर जस्सल, विकल्प तिवारी, तीर्थ राठौर और सेमीफाइनल युक्तिज्ञ प्रसाद वर्मा, विकल्प तिवारी, और फाइनल में विकल्प तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच के तौर पर पुरस्कृत किया गया।
0 ये रहे टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर
पूरे टूर्नामेंट में अलग-अलग क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को भी बेस्ट प्लेयर के तौर पर अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इनमें बेस्ट बैट्समैन श्रीयंश सांडेकर, बेस्ट बॉलर जपनीत कौर जस्सल व प्लेयर आफ द सीरीज़ का पुरस्कार विकल्प तिवारी ने प्राप्त किया।
0 बालिकाओं का सम्मान
सबेरा कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर सराहना बटोरने वालीं बालिका क्रिकेट खिलाडि़यों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नेहाजपनीत कौर जस्सल, नवलीन कौर जस्सल और मिताली नरेटी को सम्मानित किया गया।
0 छोटे बच्चों ने भी दिखाया कमाल
टूर्नामेंट में कम उम्र के क्रिकेट खिलाडि़यों ने भी काफी प्रशंसा बटोरी। आयोजन समिति ने इन बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर इनका उत्साह वर्धन किया है। अंडर 12 प्लेयर पुष्प सोनकर, अमल चौबे, रिवांश और श्रेणीक कोठारी को पुरस्कृत किया गया है। अंडर 14 में अर्शवीर सिंह, उज्जवल मरकाम को भी पुरुस्कार दिए गए ।









































