back to top

VISION TIMES : जमीन विवाद पर बेटे ने पिता और बुआ को उतारा मौत के घाट…

कवर्धा। पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम इंदौरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन बंटवारे के विवाद ने पारिवारिक झगड़े का रूप ले लिया और बेटे ने अपने पिता और बुआ की सब्बल मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।

Advertisements

बताया जाता है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पिपरिया थाना पहुंच गया और अपना अपराध कबूल करते हुए अपने आप को पुलिस के हवाले कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरिया थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम इंदौरी निवासी रामकुमार काठले आयु 38 वर्ष का लम्बे समय से जमीन बंटवारे को लेकर अपने पिता नारायण काठले और बुआ धरमीन बाई से विवाद चल रहा था।

बताया जाता है कि बीते रविवार की रात भी रामकुमार का जमीन बंटवारे को लेकर अपने पिता तथा बुआ से विवाद शुरू हो गया और इसी विवाद के बीच रामकुमार ने अपना आपा खोते हुए सब्बल से अपने पिता नारायण काठले और बुआ धरमीन बाई पर प्राणघातक हमला कर दिया जिससे गंभीर चोट आने से दोनो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि इस दोहरे हत्याकाण्ड की भनक गांव में फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। इससे पहले की घटना की जानकारी पिपरिया पुलिस तक पहुंचती आरोपी रामकुमार ने स्वयं पिपरिया थाना में पहुंचकर दोहरे हत्याकांण्ड का अपराध कबूल कर आत्म समर्पण कर लिया। वहीं घटना की जानकारी प्रार्थी हरिचन्द्र काठले द्वारा भी पिपरिया पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देहाती नालसी दर्ज की और अपराध क्रमांक 00/2025, धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी रामकुमार काठले को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पंचनामा और देहाती मर्ग किया और अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात निकलकर सामने आई है कि पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर आरोपी रामकुतार काठले का उसके पिता नारायण काठले और बुआ धरमीन बाई से लम्बे समय से विवाद चल रहा था और इसी विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया।

Advertisements

You cannot copy content of this page