
भिलाई। उतई थाना क्षेत्र में आज सुबह एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 12 घंटों के भीतर ही पुलिस कातिल तक पहुंच गई। दरअसल हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी ही निकला। शादीशुदा शख्स की पत्नी को आरोपी के प्रेम संबंध का पता चला तो वह मायके चली गई और इधर प्रेमिका भी ब्लैकमेल करने लगी। तंग आकर बीती रात हत्या कर शव को फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह उतई पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात महिला का शव करगाडीह महुआरी भाठा के पास पड़ा है। सूचना के बाद पुलिस घटना स्थल पहुंची। शव की तस्दीक कराने पर उसकी पहचान जमुना बाई गोस्वामी निवासी बाबा पारा आदर्श नगर उतई के रूप में हुई। जांच के दौरान परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि जमुना बाई का प्रेम प्रसंग विगत दो वर्षों से मेशन ठेकेदारी का काम करने वाले पुरई निवासी यशवंत साहू से चल रहा था।
घटना के बाद वह भी गांव से फरार था। इसके बाद पुलिस ने यशवंत साहू की तलाश की और जल्द ही पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस की पकड़ में आने के बाद यशवंत साहू ने सारी सच्चाई बताई । आरोपी ने बताया कि जमुना बाई गोस्वामी से करीब तीन-चार साल पहले परिचय हुआ था। वह उसके साथ ही करीब दो साल से लगातार मजदूरी काम करती थी इसी बीच दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे और अक्सर मोबाइल पर भी बातचीत होने लगी।
प्रेम प्रसंग की जानकारी यशवंत की पत्नी दामिनी साहू को हो गई। इसके बाद दोनों में विवाद शुरू हो गया। इस बीच दामिनी ने जमुना बाई को ग्राम पुरई में काम के दौरान समझाइश भी दी थी। इसके बाद भी कुछ नहीं बदला तो दामिनी अपने पति यशवंत को छोड़कर करीब चार-पांच माह पूर्व अपने मायके चली गई। पत्नी के मायके जाने से यशवंत काफी परेशान रहने लगा। इधर पत्नी के मायके जाने से परेशान यशवंत को जमुनाबाई ब्लैकमेल करने लगी।
बार-बार फोन करके मिलने कहती और खर्च के लिए पैसा मांगती थी। इससे परेशान होकर यशवंत ने जमुना बाई की हत्या का प्लान बनाया। इसके बाद नया ब्लेड अपने पर्स में रखा। इस बीच जमुना बाई ने फोनकर मिलने बुलाया। सोमवार को शाम करीब 7 बजे यशवंत महुआरी भाठा करगाडीह मिल के पीछे जमुना से मिलने पहुंचा। जमुना बाई वहीं खेत के मेड़ में बैठी थी मिलने के बाद उसने यशवंत से खर्च के लिए 4000 रुपए मांगे।
यशवंत ने रुपए नहीं होने की बात की तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले से हत्या का मन बनाकर पहुंचे यशवंत ने जमुना बाई के गमछा से उसका गला घोंट दिया। इस दौरान उसने बचने की कोशिश की लेकिन गला दबाने से बेहोश होकर नीचे गिर गई। इसके बाद यशवंत उसे खींचकर मेड़ के नीचे ले गया और ब्लेड से उसके गले में कई वार किए जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घर पहुंचकर सो गया। पुलिस ने आरोपी के बयान के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।