back to top

VISION TIMES: महाकुंभ प्रयागराज जा रहे 10 लोगों की सड़क हादसे में मौत…

कोरबा। महाकुंभ में स्नान करने प्रयागराज जा रहे कोरबा के 10 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई है।

Advertisements

घटना 15 फरवरी की आधी रात क़रीब एक बजे ग्राम मानपुर थाना माजा, उत्तर प्रदेश की है। सभी मृतक कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और बोलेरो वाहन में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार दरीं थाना क्षेत्र अंतर्गत कलमीडुग्गू निवासी 10 लोग बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 11 बी 4202 में सवार होकर महाकुंभ में गंगा स्नान करने 14 फरवरी की शाम को दर्री से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। सभी श्रद्धालु 15 फरवरी की रात करीब एक बजे उत्तर प्रदेश के जिला माजा थाना मानपुर के पास पहुंचे थे। तभी उनकी तेज रफ्तार बोलेरो प्रयागराज से वापस मध्यप्रदेश जा रही बस क्रमांक एमपी 07 एफ ए 8888 से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और बोलेरो पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफ़री की स्थिति निर्मित हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची लेकिन तब तक घटनास्थल पर ही बोलेरो में सवार लोगों की मौत हो चुकी थी।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसने कहा, मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मृतकों में दर्री थाना क्षेत्र के
कलमी डुग्गु निवासी ईश्वरी प्रसाद जायसवाल, संतोष सोनी, भागीरथी जायसवाल, सोमनाथ, अजय बंजारे, सौरम कुमार सोनी, गंगा दास वर्मा, शिव राजपूत, दीपक वर्मा, राजू साहू शामिल हैं। हादसे में बस सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

सभी मृतक दर्री कोरबा के निवासी

हादसे में मारे गए सभी मृतक दर्री थाना के कलमीडुग्गु निवासी थे। घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने ने सभी मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मृतक के परिजन खबर मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे। जानकारी के अनुसार मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। कल सभी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हृदय विदारक घटना पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। साथ ही उन्होंने कोरबा जिला प्रशासन को स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

Advertisements

You cannot copy content of this page