VISION TIMES : शादी की सालगिरह के दिन विवाहिता ने लगाई फांसी,मायके वालों ने ससुराल वालों की कर दी जमकर पिटाई…

बिलासपुर, 25 जनवरी। शादी की चौथी वर्षगांठ के दिन सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर की बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके वाले उसके घर पहुंचे। उन्होंने ससुराल वालों की जमकर पिटाई की और एफ आई आर दर्ज कराई। पुलिस ने रात में ही मृतका के पति, ससुर और दो ननदों को गिरफ्तार कर लिया।

Advertisements

यदुनंदन नगर तिफरा मे रहने वाले सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर घनाराम महिलांगे के छोटे बेटे जयराम नगर स्थित केनरा बैंक के मैनेजर 34 वर्षीय रविकांत से जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ के शिक्षक राजकुमार जांगड़े की बेटी 29 वर्षीय युक्ति रानी से 23 जनवरी 2019 को विवाह हुआ था।

शादी के बाद पूरा परिवार यदुनंदन नगर में रहता था। 7 माह पहले रविकांत और उसकी पत्नी स्वर्णिम नगर मोपका में रहने आ गए थे। पति रविकांत किसी विभागीय प्रशिक्षण में भोपाल गया था जो उसी दिन वापस लौटा था। रात में करीब 10 बजे रविकांत ने अपने पिता और ससुर को फोन करके बताया कि युक्ति ने बेडरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

पुलिस के पहुंचने पर उसने बयान दिया कि वह ड्राइंग रूम में टीवी देखते हुए अपनी बेटी के साथ खेल रहा था। 10 बजे किचन गया तो पत्नी नजर नहीं आई। बेडरूम का दरवाजा बंद था। जवाब नहीं मिलने पर उसने पर्दा हटा कर देखा तो युक्ति पंखे पर लटक रही थी। युक्ति के मायके वाले पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर फंदे को खोला और युक्ति को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।

युक्ति के पिता, भाई और परिजनों ने इसे देखकर रवि और उसके पिता की पिटाई कर दी। इस बीच पुलिस पहुंच गई थी। मायके वालों ने बताया युक्ति रानी को ससुराल में छोटी-छोटी बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उससे दहेज की भी मांग की जाती रही है। फांसी लगाने के पहले युवती ने अपनी मां रंभा देवी को फोन किया था।

बातचीत में उसने कहा था कि वह बहुत परेशान हो चुकी है और अब सहन नहीं कर सकती, वह तलाक लेना चाहती है। मां ने पुलिस को बताया कि युक्ति जब फोन से बात कर रही थी तो दामाद रविकांत की जोर-जोर से चिल्लाने आवाज भी आ रही थी। इसके बाद युक्ति ने यह कहते हुए कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया कि वह थोड़ी देर में बात करती है।

तलाशी में युक्ति के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें उसने अपनी बड़ी बहन से कहा है कि मेरी बेटी को अपनी बेटी की तरह अच्छे से रखना और प्यार करना। मेरे बारे में उसे बताना कि मैं अच्छी मां थी। आई लव यू सबको। पापा, मम्मी, पप्पू भाई, अन्नू, बंटू, तुम सब खुश रहना । मुझे हमेशा याद करना। सबको मैं बहुत प्यार करती हूं। जो होता है अच्छे के लिए होता है सब सक्सेसफुल रहना। मेरी दुआ तुम्हारे साथ है।

पुलिस ने मामले में पति रविकांत महिलांगे (34 वर्ष) ससुर घनाराम महिलांगे (68 वर्ष) ननद सुप्रिया महिलांगे (38 वर्ष) व अनु महिलांगे (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।