back to top

खैरागढ़ में नकली पनीर फैक्ट्री पर छापा, 450 किलो पनीर नष्ट…

खैरागढ़। शहर के समीप पनेका क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई करते साढ़े 4 सौ किलो नकली पनीर बरामद कर उसे नष्ट कराया है। पनेका स्थित रौनक एंटरप्राइजेज में दबिश देते हुए टीम ने यहां नकली पनीर का निर्माण पाया और इस पर त्वरित कार्रवाई करते जेसीबी की मदद से फैक्ट्री परिसर में ही एक गड्डा कर नकली पनीर के नष्टीकरण की कार्रवाई की है।

Advertisements

रौनक एंटरप्राइजेज में सुरभि स्पंज के नाम से यह नकली पनीर बनाया जा रहा था, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते नकली पनीर को नष्ट कर दिया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम जब यहां पहुंची तो यहां नकली पनीर का निर्माण कार्य जारी था। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को यहां नकली पनीर बनाए जाने की शिकायत भी मिल रही थी। जिसके मद्देनजर छापेमार कार्रवाई की गई।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी आशीष यादव ने बताया कि यहां पाम तेल और दूध पावडर को मिलाकर नकली पनीर बनाया जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। वहीं इस फैक्ट्री परिसर में काफी गंदगी भी पाई गई। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इस फैक्ट्री में बने साढे चार सौ किलो नकली पनीर जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपए है, इसे नष्ट किया गया है।

फैक्ट्री परिसर में गंदगी के मामले को लेकर 15 दिन के लिए फैक्ट्री का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया गया है। इस फैक्ट्री में लंबे समय से नकली पनीर निर्माण किए जाने की शिकायत मिल रही थी। वहीं गंदगी के बीच खाद्य सामग्री का निर्माण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसकी शिकायत रायपुर खाद्य औषधि प्रशासन में की गई। जिसके बाद यहां पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कार्रवाई की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page