back to top

नहाने के दौरान फिसला पैर, गहरे पानी में समाया 12वीं का छात्र ,मौके पर मौत…

Demo photo

पिपरिया जलाशय में बुधवार को दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 12वीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भिलाई हाउसिंग बोर्ड निवासी आर्यन सिंह 17 वर्ष के रूप में बताई जा रही है। घटना करीब सुबह 11 बजे की है।

जानकारी के अनुसार आर्यन सिंह अपने चार दोस्तों के साथ मोपेड और बाइक से नथेला क्षेत्र स्थित पिपरिया जलाशय घूमने आया था। चार दोस्त जहां फोटो खिंचाने में व्यस्त थे। वहीं आर्यन पानी में नहाने के लिए उतर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

प्रत्यक्षदर्शी दोस्तों के अनुसार पानी में डूबते समय आर्यन ने उन्हें आवाज भी लगाई, लेकिन किसी भी दोस्त को तैरना नहीं आता था। इस कारण वे उसे बचाने में असमर्थ रहे। घटना के बाद एक दोस्त ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कांटे की सहायता से छात्र को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने जलाशय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। बताया गया कि बांध के आसपास अधिकांश हिस्सा खुला है। एक तरफ बांध का पार नथेला की ओर है। जबकि अन्य तीन तरफ खुला क्षेत्र है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलाशय के आसपास तार फेंसिंग और बाउंड्रीवाल बनाई जानी चाहिए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जाए।