
शहर में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह अभी से चरम पर पहुंचने लगा है। 14 सितंबर से गणेश उत्सव की शुरूआत होनी है, लेकिन इसके पहले ही शहर में विघ्नहर्ता की प्रतिमाओं के आगमन का दौर शुरु हो गया है। अंचल में अब ट्रेंड बदलने लगा है, जहां पहले चतुर्थी के अवसर पर प्रतिमाएं विराजित की जाती थी।

अब शहर की लगभग बड़ी समितियां धूमधाम के साथ प्रतिमाओं का विराजमान पहले ही करने लगी है। यहीं कारण है कि 14 सितंबर से शुरु होने वाले गणेश पर्व को लेकर सप्ताह भर पहले ही 7 तारीख से बप्पा का आगमन होने लगा है।
बड़ी बात यह है कि शहर में चतुर्थी से पहले ही लगभग बड़े पंडालों में मूर्ति विराजमान कर दी जाएगी, हालांकि विधि-विधान से स्थापना की पूजा मुहूर्त देखकर चतुर्थी के अवसर पर ही होगी।
इधर गणेश पर्व को लेकर जगह-जगह आकर्षक गणेश पंडालों का निर्माण अंतिम चरण पर पहुंच गया है। गणेशोत्सव के दौरान शहर में हर वर्ष अलग-अलग समितियों द्वारा भव्य पंडाल सजाए जाते हैं।
इस बार भी समितियां कुछ नया और आकर्षक करने की तैयारी में जुटी हुई है। कई स्थानों पर पंडालों का ढांचा तैयार हो चुका है और अब सजावट का काम शुरू होने वाला पंडालों को आकर्षक विद्युत सज्जा और थीम के साथ तैयार करने की योजना समितियों द्वारा बनाई जा रही है।
शहर के रामाधीन मार्ग, आजाद चौक, सदर बाजार, गंज लाइन, गुड़ाखू लाइन, सिंधी कालोनी, दुर्गा चौक सहित आदि इलाकों में समितियों के पंडाल का निर्माण काम शुरू कर दिया है। मूर्तिकार रात में मेहनत कर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रतिमाओं पर रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का काम चल रहा है।
समितियों द्वारा अपनी पसंद और आकार के अनुसार प्रतिमाओं की बुकिंग पहले ही कराई जा चुकी है। इधर जहां गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रुप देने एवं उनके आगमन का दौर शुरु हो गया है। वहीं गणेश विसर्जन के अवसर पर निकाले जाने वाली चलित झांकियों को लेकर भी समितियां जुट गई है।
शहर की कई गणेश उत्सव समितियों में उत्साह इस कदर है कि उन्होंने निर्धारित तिथि से पहले ही प्रतिमाओं को लाने की तैयारियां शुरू कर दी है। बुधवार को भी शहर में तीन से अधिक समितियों ने बप्पा की प्रतिमाओं का आगमन कराया। समितियों के सदस्य पंडाल निर्माण से लेकर विद्युत सजावट, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। गणेश उत्सव को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। सजावटी सामान, विद्युत झालर, फूल-माला सहित पूजा सामग्री की दुकानों पर तैयारियां शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में गणेश उत्सव की तैयारियों के साथ शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय होने की उम्मीद है।











































