back to top

बेमेतरा : विद्युत उपकेंद्र नांदघाट में 28 लाख 93 हजार रुपए की लागत से पाॅवर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई गई : लगभग 13 गांवों को मिलेगी निर्बाध बिजली….

बेमेतरा 20 मई 2021 छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र, उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है। इसी तारतम्य में दुर्ग क्षेत्र के विभागीय संभाग बेमेतरा के अंतर्गत 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र नांदघाट में पाॅवर ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एम.व्ही.ए. से बढ़ाकर 05 एम.व्ही.ए. किया गया। विद्युत उपकेंद्र में पाॅवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का कार्य 28 लाख 93 हजार रुपए की लागत से मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत संपन्न किया गया।


   बेमेतरा संभाग के कार्यपालन अभियंता उमेश ठाकुर ने बताया कि उपकेंद्र के पाॅवर ट्रांसफार्मर में क्षमता वृद्धि से विद्युत उपकेंद्र नांदघाट के लगभग 13 गांवों के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज एवं ओवर लोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी एवं सभी घरों तक उच्च गुणवत्ता की बिजली पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि विद्युत उपकेंद्र नांदघाट में पाॅवर ट्रांसफार्मर की क्षमतावृद्धि से ग्राम तारपोंगी, मगरघटा, धोबघट्टी, मलदा, कान्हरपुर, खपरी, केशला, तिरैय्या, भदाराली, घोघराली, खम्हरिया, मुटपुरी एवं मउ के उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय पटेल ने अधीक्षण अभियंता ए.के.गौराहा कार्यपालन अभियंता द्वय जे.जगन्नाथ प्रसाद एवं उमेश ठाकुर, सहायक अभियंता विवेक पैकरा, कनिष्ठ अभियंता निरंजन दास एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए बताया कि पाॅवर कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि पाॅवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।