
भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर में आज सुबह पति और पत्नी की घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। पत्नी की लाश घर के सामने कमरे में जमीन पर पड़ी मिली वहीं अंदर वाले कमरे में पति फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है।
मौके पर किसी प्रकार का सुसाइडल नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया पति की मौत का कारण खुदकुशी लग रहा है। लेकिन पत्नी की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता लगने की बात पुलिस कह रही है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार वार्ड नंबर 29 वृंदा नगर कैंप-2 भिलाई में आज रविवार को पति और पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली।
मृतक जी वेंकट रमन मूर्ति (55 वर्ष) की लाश अपने घर के अंदर वाले कमरे में फांसी के फंदे पर लटकती मिली वहीं सामने के कमरे में उसकी पत्नी जी विद्यावती (52 वर्ष) मृत अवस्था में पड़ी मिली। मृतका विद्यावती के गले पर रस्सी से कसे जाने का निशान पाए जाने से हत्या किए जाने कीआशंका को बल मिल रहा है।
लेकिन किसी भी नतीजे तक पहुंचने से पहले पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कह रही है। जबकि फांसी के फंदे पर लटकी हुई अवस्था मेंमिली लाश के आधार पर जी वेंकट रमन की मौत को खुदकुशी के रुप में देखा जा रहा है। घटना स्थल से किसी तरह का सुसाइडल नोट मिलने से पुलिस इंकार कर रही है।
एक मोबाइल फोन मिला हैजिसका स्क्रीन लॉक है। लॉक खुलवाकर जांच करने पर कुछ और बातें सामने आने की संभावना है। सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि कोई हलचल नहीं होने पर आज सुबह नौ बजे के आसपास मृतक जी वेंकट रमन के पडोस में रहने वाली मां ने घर जाकर देखा तो उसकी बहू जी विद्यावती सामने वाले कमरे में मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
वह अंदर वाले कमरे में पहुंची तो बेटा वेंकट रमन फांसी लगाकर अपनी जान दे चुका था। उसने दौड़कर अपने छोटे बेटे जी मदन राव को इस बात की जानकारी दी। जी फिर मदन ने वैशाली नगर पुलिस को सूचना दिया। सीएसपी तिवारी ने बताया कि मृतक जी वेंकट रमन आटो चालक था और पूछताछ में उसकी माली हालत ठीक नहीं रहने का पता चला है।
इस दंपत्ति का एक बेटा है जो ओडिशा में कुछ काम करता है। उसे माता-पिता के मौत की खबर दी गई है। आशंका जताई जा रही है कि पहले पति ने पत्नी की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली है। बहरहाल शॉर्ट पीएम आने के बाद ही घटना का खुलासा हो जाएगा।











































