back to top

राजनांदगांव: फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों को ठगने वाला साइबर आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को जाल में फंसाने, ब्लैकमेल करने और धमकाने वाले एक साइबर ठग को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी युवकों से लड़की बनकर बातचीत करता था और पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देता था।


पुलिस के अनुसार थाना लालबाग में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें प्रार्थी की पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़की की आवाज में कॉल कर उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने और गंभीर रूप से घायल होने की झूठी जानकारी दी। जब युवती ने इस सूचना को गलत बताया तो आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में प्रार्थी से बातचीत के दौरान भी आरोपी ने अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।


शिकायत और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर थाना लालबाग में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर थाना और लालबाग पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।


तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार बघेल (22 वर्ष) निवासी ग्राम विष्णुपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि आरोपी इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवकों से संपर्क करता था। वह उन्हें अपने झांसे में लेकर पैसों की मांग करता और पैसे नहीं मिलने पर गाली-गलौज, धमकी तथा फोटो एडिट कर परिजनों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य जुटाकर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, थाना लालबाग प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल सहित साइबर थाना एवं लालबाग पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page