back to top

मोहला: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन मानपुर में 21 जून को…

मोहला 18 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को विकासखंड मानपुर के मिनी स्टेडियम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः6: 00 बजे सेआयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में लोकसभा राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करेंगे तथा सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगे।


कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला आयुष अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा। साथ ही नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page