back to top

राजनांदगांव: शराब के नशे में विवाद करना पड़ा भारी, युवक पर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई…

राजनांदगांव। पुलिस चौकी सुरगी ने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर शराब के नशे में आए दिन पड़ोसियों से विवाद करने और शांति व्यवस्था भंग करने का आरोप है।

Advertisements

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोटराभाठा निवासी संतोष साहू ने पुलिस चौकी सुरगी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पड़ोसी लेखराम साहू शराब पीकर अक्सर विवाद करता है। शिकायत में बताया गया कि बीती रात भी आरोपी ने शराब के नशे में वाद-विवाद और झगड़ा किया था।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान लेखराम साहू से पूछताछ की गई। इस दौरान वह शिकायत किए जाने की बात को लेकर संतोष साहू और अन्य ग्रामीणों से विवाद करने लगा। उसके व्यवहार से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका उत्पन्न हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लेखराम साहू (27 वर्ष), पिता गरीबदास साहू, निवासी ग्राम कोटराभाठा, चौकी सुरगी, थाना बसंतपुर के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा उसके खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

पुलिस चौकी सुरगी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page