
मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने किया ऊर्जीकृत, 23 गांवों के 3069 किसानों एवं उपभोक्ताओं को मिलेगा बेहतर वोल्टेज और विश्वसनीय बिजली का लाभ

मोहला/गोटाटोला, 27 अगस्त 2026 – छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के गोटाटोला क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किया गया है। ग्राम गोटाटोला स्थित 33/11 केव्ही उपकेन्द्र में 3.15 एमव्हीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर का क्षमता उन्नयन करते हुए उसके स्थान पर 5 एमव्हीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। नवस्थापित 5 एमव्हीए पॉवर ट्रांसफार्मर को राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम द्वारा ऊर्जीकृत किया गया।
इस क्षमता उन्नयन के फलस्वरूप उपकेन्द्र की कुल स्थापित क्षमता 6.30 एमव्हीए से बढ़कर 8.15 एमव्हीए हो गई है। इससे गोटाटोला क्षेत्र के ग्राम रंगकठेरा, विजयपुर, गुहाटोला, गोटाटोला, माड़िगपिड़िग भूरसा, पऊरखेड़ा, कंटेगाटोला, माड़िगपिड़िग धेनु, पौरझोला, ठेलकाडंड, डुंडेरा, तेन्टुटोला, हलामीटोला, कुडुमकसा, तेलीटोला, गिघाली, दुत्तीटोला, मंचान्दुर, पलान्दुर, ककैईपार, बागदो, केसला, परसुटोला एवं मटेवा सहित 23 गांवों के लगभग 3069 कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर एवं अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने बताया कि पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह एवं प्रबंध संचालक (वितरण) श्री भीमसिंह कंवर के कुशल के मार्गदर्शन में पूर्ण किए गए इस क्षमता उन्नयन से उपकेन्द्र की भार वहन क्षमता में वृद्धि हुई है। 3.15 एमव्हीए के स्थान पर 5 एमव्हीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने से बढ़ते विद्युत भार को बेहतर ढंग से संभालने में मदद मिलेगी। इससे विशेषकर अधिक मांग के समय ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज एवं बार-बार ट्रिपिंग की समस्या में उल्लेखनीय कमी आयेगी।
कृषि एवं धान के मौसम में सिंचाई पंपों के संचालन से विद्युत मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में बढ़ी हुई ट्रांसफार्मर क्षमता किसानों को बेहतर वोल्टेज के साथ अधिक भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायक होगी। इससे सिंचाई व्यवस्था सुचारु होने के साथ-साथ ग्रामीण एवं घरेलू उपभोक्ताओं को भी विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार का लाभ मिलेगा।
मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने कहा कि विद्युत अधोसंरचना की क्षमता वृद्धि का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, स्थिर एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले में आवश्यकता के अनुरूप उपकेन्द्रों की क्षमता वृद्धि एवं अन्य विद्युत अधोसंरचना विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता (राजनांदगांव वृत्त) श्री शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता श्री अनिल कुमार रामटेके (मोहला), श्री मुकेश कुमार साहू (परियोजना), श्री एन.के. साहू (एसटीएम), सहित सहायक अभियंता श्री षिरीश कुमार मिलिंद, श्रीमती ष्वेता वर्मा, सुश्री नेहा गढ़पायले अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह क्षमता उन्नयन कार्य गोटाटोला क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा किसानों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज एवं अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।











































