
राजनांदगांव। पुलिस चौकी चिचोला ने संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई प्रेमलाल साहू की मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हत्या के बाद घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम रामपुर निवासी ओमप्रकाश साहू ने चौकी चिचोला में सूचना दी थी कि उसका भाई प्रेमलाल साहू ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में पड़ा हुआ है। उसके मुंह, नाक और माथे पर चोट के निशान थे। पास ही एक बड़ा मुरूम का पत्थर पड़ा था, जिस पर खून लगा हुआ था। घटना संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और एसडीओपी श्री केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल, सउनि वीरेंद्र नाविक एवं पुलिस टीम ने घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, गवाहों और परिजनों से पूछताछ के साथ मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन की भी जांच की। जांच के आधार पर ग्राम पटपर निवासी नरबद साहू (40) और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27) पर संदेह गहराया। दोनों से पूछताछ करने पर पुलिस के अनुसार उन्होंने प्रेमलाल साहू की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रेमलाल के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की थी और घटना को हादसे का रूप देने का प्रयास किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











































