back to top

मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य शुभारंभ…


मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी।
37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ गुरुवार 1 जनवरी को जिले में विधिवत रूप से किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (भा.पु.से.) ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर सड़क सुरक्षा माह का उद्घाटन किया। यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिले भर में संचालित किया जाएगा।

Advertisements


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने अपने संबोधन में यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने को जानलेवा बताते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमित उपयोग की अपील की।


कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मोहला श्री ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी श्री शेषनारायण देवांगन व उनकी टीम द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईटीआई कॉलेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, शिक्षकगण, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा कन्या विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सड़क सुरक्षा पर आधारित जन-जागरूकता गीत प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले के हाट-बाजारों एवं कस्बों में ध्वनि विस्तार यंत्र के माध्यम से यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार करेगा।


साथ ही यातायात पुलिस के एक आरक्षक द्वारा यमराज के वेश में लोगों को संदेश दिया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना, बिना हेलमेट एवं तीन सवारी चलना जान के लिए खतरा है। बैनर-पोस्टर के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत लर्निंग लाइसेंस शिविर का भी आयोजन किया गया है। यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शिविर का लाभ उठाकर लर्निंग लाइसेंस बनवाएं और सुरक्षित यातायात में सहभागी बनें।

Advertisements

You cannot copy content of this page