back to top

मोहला : मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना बनी बुजुर्ग श्रमिक अकबर सिंह के लिए सहारा…

        मोहला 16 जून 2025। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत ग्राम बागनारा निवासी 61 वर्षीय श्री अकबर सिंह जो वर्षों तक निर्माण श्रमिक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते रहे। अब मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के अंतर्गत मिलने वाली पेंशन से राहत महसूस कर रहे हैं।

Advertisements


        श्री अकबर सिंह ने जब छत्तीसगढ़ शासन की इस योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की तो उन्होंने तुरंत श्रम विभाग से संपर्क कर पात्रता जानी और ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। पात्र पाए जाने पर विभाग द्वारा तत्परता से प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें प्रतिमाह 1500 रू. की पेंशन उनके बैंक खाते में सीधे प्रदाय की जा रही है। श्री सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि पहले उन्हें यह चिंता सताती थी कि वृद्धावस्था में बिना आय के कैसे जीवन चलेगा, किंतु अब सरकार की इस पेंशन योजना से उन्हें न केवल मानसिक राहत मिली है बल्कि दैनिक आवश्यकताओं व स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिल रही है। उन्होंने इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया।


यह योजना उन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए है, जिन्होंने 60 वर्ष की आयु पूरी कर ली है तथा जिनका पंजीयन श्रमिक मंडल में कम से कम 10 वर्ष पूर्व का है। ऐसे श्रमिकों को जीवनपर्यंत 1500 रू. प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाती है। साथ ही पेंशनर की मृत्यु होने पर उनके आश्रित पति या पत्नी को 750 रुपये. प्रतिमाह पारिवारिक पेंशन के रूप में दी जाती है।


       श्री अकबर सिंह जैसे श्रमिकों को इस योजना से आर्थिक संबल मिला है जिससे वे सम्मानजनक जीवन यापन करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़ पा रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण है, जो प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु निरंतर कार्यरत है।

Advertisements

You cannot copy content of this page