
डोंगरगढ़। दस्तावेज देने के बहाने महिला को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में डोंगरगढ़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य अग्रवाल (खैरागढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि 18 दिसंबर 2025 को आरोपी ने कुछ दस्तावेज देने के बहाने उसे ऑफिस के बाहर बुलाया और अपनी कार से अपने साथ ले गया। रास्ते में आरोपी ने उसे पेय पदार्थ दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद आरोपी उसे डोंगरगढ़ क्षेत्र के एक मकान में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म करने का आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता पर लगातार दबाव बनाया। 1 जनवरी 2026 को आरोपी उसके ऑफिस पहुंचा और उसके साथ मौजूद आपत्तिजनक फोटो दिखाकर उसे पति को भेजने तथा वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पैसों की मांग शुरू की। पीड़िता ने आरोपी द्वारा 9 हजार रुपये नगद तथा करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से लेने की बात पुलिस को बताई।
लगातार दबाव और जान से मारने की धमकी से परेशान होकर पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 507/2026, धारा 64, 308 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी आदित्य अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 8 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, रामेश्वर प्रसाद देशमुख एवं विवेचक उपनिरीक्षक गीतांजलि सिन्हा द्वारा की गई।










































