
432 पेटी मध्यप्रदेश की शराब बरामदगी मामले में अब तक 22 आरोपी गिरफ्तार
डोंगरगढ़। ग्राम करवारी स्थित फार्म हाउस से मध्यप्रदेश की शराब बरामदगी के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपक निर्मलकर, निवासी कुम्हारपारा डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2025 को ग्राम करवारी से लमेटरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित रोहित नेताम उर्फ सोनू के फार्म हाउस में दबिश देकर 432 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित शराब, जिसकी कीमत करीब 27 लाख 32 हजार 670 रुपए थी, बरामद की गई थी। मौके से खाली शीशियां, गोवा व्हिस्की के स्टीकर, होलोग्राम के बंडल सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई थी।
जांच में सामने आया कि अधिक मुनाफा कमाने और पकड़े जाने से बचने के लिए मध्यप्रदेश की शराब को छत्तीसगढ़ की शराब बताकर खपाने का प्रयास किया जा रहा था। इस मामले में फार्म हाउस मालिक सहित पहले ही 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया जा चुका है।
पुलिस की जांच के दौरान फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में दीपक निर्मलकर को 8 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुख्य आरोपी रोहित उर्फ सोनू के करवारी स्थित फार्म हाउस से शराब लाकर उसके घर पहुंचाता था। इसके अलावा वह सोनू से शराब खरीदकर डोंगरगढ़ क्षेत्र में बिक्री करने में भी सहयोग करता था।
पुलिस ने आरोपी को 8 अक्टूबर को दोपहर 12.30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज था, जिसमें उसके विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी हुआ था। उक्त वारंट के आधार पर भी आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।











































