back to top

राजनांदगांव: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बीमारी का झांसा, युवक से 3 लाख की ठगी,तीन आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर बीमारी और पारिवारिक परेशानी का बहाना बनाकर एक युवक से करीब 3 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी की पहचान अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से मोनू कुमार चिरावतकर, कविता उर्फ दामिनी और सोनल उर्फ बबीता से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपीगण मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहे और स्वयं को ब्लड कैंसर, माइग्रेन सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताकर भावनात्मक रूप से युवक को अपने जाल में फंसाया।

Advertisements


आरोपियों ने कभी इलाज, कभी राशन तो कभी परिवार की आर्थिक परेशानी का हवाला देकर अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन रकम मंगाई। युवक ने सहानुभूति में आकर कुल 3 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर जब उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तार आरोपियों में मोनू कुमार चिरावतकर (35 वर्ष), कविता उर्फ दामिनी (19 वर्ष) और सोनल उर्फ बबीता (22 वर्ष), सभी निवासी ग्राम टेडेसरा थाना सोमनी जिला राजनांदगांव शामिल हैं। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page