back to top

राजनांदगांव: उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य प्रमाण पत्र वितरण समारोह संपन्न, सांसद संतोष पांडेय ने प्रशिक्षणार्थियों को किया प्रेरित…

This image has an empty alt attribute; its file name is WhatsApp-Image-2026-08-24-at-6.11.47-PM-1024x682.jpeg

कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़े कदम

Advertisements

120 प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए गए कौशल योग्यता प्रमाण पत्र

राजनांदगांव। राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (NIESBUD), कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमाण पत्र वितरण समारोह राजनांदगांव सर्व समाज मांगलिक भवन चिखली में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विजन कंप्यूटर एजुकेशन, राजनांदगांव द्वारा किया गया। समारोह में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़े 120 प्रशिक्षणार्थियों को कौशल योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और सभा को संबोधित करते हुए कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अपने हुनर का उपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ रोजगारपरक एवं तकनीकी कौशल हासिल करना भी आवश्यक है। कौशल प्रशिक्षण युवाओं को हुनर प्रदान करने के साथ रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त कौशल का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

This image has an empty alt attribute; its file name is Untitled-30-1024x682.jpg

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को उद्यमिता, स्वरोजगार और व्यवसाय शुरू करने से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, आत्मनिर्भर बनने की दिशा तथा सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक कौशल पर विशेष जोर दिया गया।

इसी क्रम में जन शिक्षण संस्थान राजनांदगांव के तत्वावधान में आयोजित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण के अंतर्गत सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर एवं कंप्यूटर हार्डवेयर जैसे रोजगारपरक विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

विजन कंप्यूटर एजुकेशन, राजनांदगांव के संचालक लोकेश रजक ने कहा कि युवाओं एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्यमिता से जोड़ने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता एवं रोजगार के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ाना है।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गीत गायन की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, वरिष्ठ पत्रकार परमानंद रजक, पत्रकार सुनील हुकरे, भाजपा नेता हरीश शर्मा, भाजयुमो महामंत्री आशुतोष राजपूत, समाजसेवी कांति मौर्य, मोना यादव, निकेश कुमार, अभ्यास यादव, संस्थान की शाखा प्रबंधक भूमिका देवांगन, नंदनी विश्वकर्मा, भूपेश्वरी साहू, वेपेन्द्र वर्मा, नीरा बंजारे, तुलिका समरित, शगुफ्ता परवीन, सीता यादव, प्रकृति कामड़े, ऋषि बांसोड़ एवं अंकुश मसीह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशांत रजक ने किया।

Advertisements

You cannot copy content of this page