back to top

राजनांदगांव: कपड़ा प्रेस दुकान में सट्टा लिखते सटोरिया रंगे हाथों गिरफ्तार…


राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा लिखते एक सटोरिए को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन एवं नगद राशि सहित कुल 38 हजार रुपये जप्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।

Advertisements


इसी क्रम में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल अपनी टीम के साथ सटोरियों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखे हुए थे। दिनांक 06 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भगत सिंह चौक स्थित कक्कड़ गोदाम के सामने एक कपड़ा प्रेस दुकान में मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा-पट्टी लिखकर अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगाया जा रहा है।


सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और रविन्द्र बाघमारे, पिता स्व. मोहन लाल बाघमारे, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18, भगत सिंह चौक, डोंगरगढ़ को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 5,000 रुपये) एवं नगद 33,000 रुपये, कुल 38,000 रुपये जप्त किए गए।


पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी सटोरियों, अवैध कारोबारियों एवं अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्रवंशी तथा आरक्षक राम खिलावन एवं नरेंद्र प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page