back to top

राजनांदगांव: कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश…

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा सेवा संकल्प अभियान
राजनांदगांव 16 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत शहर के ऐतिहासिक रानी सागर तालाब, बुढ़ासागर तालाब एवं शीतला मंदिर परिसर में एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

Advertisements

वहीं मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर डोंगरगढ़ में लगभग 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। सेवा संकल्प अभियान के दौरान एक माह तक विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों का निर्धारित समय-सीमा में परीक्षण एवं निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने कहा। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने कहा।


राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें –
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध लगातार कार्रवाई करने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।


पीएम सूर्यघर योजना के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश-
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र परीक्षण करने तथा पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य तेजी से पूर्ण कराने कहा। उन्होंने वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सूर्यघर सभाएं आयोजित कर योजना के संबंध में व्यापक जनजागरूकता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों को बैंक प्रोसेसिंग की प्रक्रिया सरल बनाते हुए आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने कहा, ताकि हितग्राहियों की ऋण प्रक्रिया समय पर पूर्ण हो सके


कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 6 हजार हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। योजना से हितग्राही ऊर्जा उत्पादक बनने के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन के माध्यम से आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।


ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से करें –
कलेक्टर ने ग्रामीण सड़कों पर टोल टैक्स बचाने के लिए बड़े एवं भारी वाहनों के आवागमन से सड़कों को हो रहे नुकसान को गंभीरता से लेते हुए ऐसे वाहनों के विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं गड्ढों वाली सड़कों पर पेंचवर्क एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने कहा। आगामी गणेश पूजा एवं दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए नगरीय क्षेत्रों की सड़कों का पेंचवर्क प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।


सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page