
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक तहसील/ब्लॉक स्तर पर शिविर, घर-घर रूफटॉप सोलर लगाने उपभोक्ताओं को मिलेगा मार्गदर्शन

राजनांदगांव, 16 सितंबर 2026 – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र से जोड़ने के उद्देश्य से राजनांदगांव क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना के पंजीयन से लेकर ऋण स्वीकृति, सोलर विक्रेता के चयन, तकनीकी प्रक्रिया एवं संयंत्र स्थापना तक की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
राजनांदगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संबंधित तहसील एवं ब्लॉक में जिला प्रशासन के समन्वय से शिविरों की तिथि एवं स्थान निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर के लिए सहायक अभियंता अथवा कनिष्ठ अभियंता स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
हर शिविर में कम से कम 100 घरेलू उपभोक्ताओं का पंजीयन
सेवा सेतु शिविरों में कम से कम 100 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। पंजीकृत आवेदनों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके साथ ही 200 यूनिट प्रतिमाह तक बिजली की खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को विशेष रूप से चिन्हित कर उन्हें 2 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
एक ही स्थान पर मिलेगी पूरी जानकारी
सेवा सेतु शिविर में बैंक प्रतिनिधियों, पंजीकृत सोलर विक्रेताओं तथा संबंधित विभागों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को पंजीयन, ऋण स्वीकृति, तकनीकी प्रक्रिया, विक्रेता चयन एवं सोलर संयंत्र स्थापना संबंधी कार्यवाही के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सीएसपीडीसीएल राजनांदगांव क्षेत्र द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सेवा सेतु शिविरों का लाभ उठाते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराने के लिए पंजीयन कराएं। योजना से संबंधित जानकारी एवं प्रक्रिया के लिए निर्धारित शिविर में उपस्थित होकर संबंधित अधिकारियों एवं अधिकृत सोलर विक्रेताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। समाचार क्रमांक- CSPDCL-PRO/2026/85











































